वारदात से पहले दबोचे 2 शार्प शूटर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
चूरू के सरदारशहर में AGTF और पुलिस की संयुक्त टीम ने कथित तौर पर वारदात की तैयारी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल, चार मैगजीन और 49 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
चूरू, 1 अक्टूबर। सरदारशहर में राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध शार्प शूटरों को कथित वारदात से पहले गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल, चार मैगजीन और 49 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरदेसर निवासी 26 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र धनपत जाट और सरदारशहर के वार्ड 25, सोमनाथ मंदिर के पास निवासी 28 वर्षीय नितेश बगड़िया पुत्र रामावतार जाट के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों के कथित तौर पर रोहित गोदारा और महेंद्र ढेलाना गैंग से संपर्क सामने आए हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी सरदारशहर में किसी व्यापारी या उद्योगपति को निशाना बनाने की तैयारी में थे। हालांकि, संभावित वारदात को लेकर पुलिस जांच जारी है।
AGTF प्रभारी आईपीएस अभिजीत पाटिल के नेतृत्व में टीम ने सरदारशहर पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया। AGTF को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद टीम ने निगरानी बढ़ाई और कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हथियारों के साथ पकड़ लिया।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों के स्रोत और संभावित वारदात की योजना के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों के संपर्क में गैंग से जुड़े अन्य कौन-कौन लोग हैं और बरामद हथियारों का इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में किया जाना था या नहीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार समय रहते हुई कार्रवाई से संभावित आपराधिक वारदात को टालने में मदद मिली है। मामले में हथियारों की बरामदगी और आरोपियों के कथित गैंग कनेक्शन को लेकर आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई में AGTF टीम के साथ सरदारशहर थाने के एसआई रामकरण सिद्धू, एएसआई हिम्मत सिंह, विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, कांस्टेबल लीलाधर मीणा और कांस्टेबल लीलाधर प्रजापत की भूमिका रही।\
बाइट - निश्चय प्रसाद, एसपी चूरू बाइट - अभिजीत पाटिल, AGTF प्रभारी आईपीएस