वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर चलाया गया स्वच्छता अभियान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
वाराणसी में देव दीपावली के भव्य आयोजन से पहले काशी के गंगा घाटों को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए नमामि गंगे की ओर से श्रद्धालुओं को जागरूक किया जा रहा है। सोमवार को दशाश्वमेध घाट पर गंगा तट की सफाई करते हुए नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने श्रद्धालुओं से घाटों पर गंदगी न फैलाने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।राजेश शुक्ला ने कहा कि मां गंगा और उनके पावन घाटों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
देव दीपावली पर लाखों श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचेंगे। ऐसे में सभी को गंगा तट की स्वच्छता के प्रति विशेष सजग रहने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से पॉलिथीन, प्लास्टिक की बोतलें, थर्माकोल और अन्य कचरा घाटों व गंगा में न फेंकने तथा कूड़ा निर्धारित कूड़ेदान में डालने का आग्रह किया।उन्होंने श्रद्धालुओं से फूल-माला, दीपक और अन्य पूजा सामग्री नदी में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर निस्तारित करने की अपील की।
साथ ही प्लास्टिक की जगह कपड़े या जूट के थैलों का इस्तेमाल करने और गंगा में स्नान के दौरान साबुन-शैंपू जैसे रसायनों का प्रयोग न करने की सलाह दी।राजेश शुक्ला ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक संस्था या अभियान की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सभी श्रद्धालु स्वयं स्वच्छता का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन और नमामि गंगे के प्रयासों के साथ जनभागीदारी जुड़ने से ही मां गंगा के तटों को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने का संकल्प पूरा हो सकेगा।