वार्ड संख्या 7 में 91.81 फीसदी वोट पड़े
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →भास्कर न्यूज | बाड़मेर नगर परिषद चुनाव में इस बार बाड़मेर की मातृशक्ति का उत्साह चरम पर रहा। शहर के बुनियादी मुद्दों सड़क, पानी, बिजली और नालियों की सफाई से रोज जूझने वाली महिलाओं ने लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और यह साबित कर दिया कि नगर परिषद में इस बार महिलाओं की ही पंचायती चलेगी।
शहर के कुल 55 वार्डों में से 19 वार्ड महिला आरक्षित किए गए थे, यहां 28,772 महिला मतदाताओं ने वोटिंग की। पूरे शहर का औसत मतदान 81.57 प्रतिशत रहा, लेकिन महिला आरक्षित वार्डों में पुरुषों और सामान्य वार्डों को पीछे छोड़ते हुए 82.89% बंपर मतदान किया गया। 19 आरक्षित महिला वार्डों में से 12 वार्ड सामान्य वर्ग, 4 वार्ड ओबीसी महिला और 3 वार्ड एससी महिला के लिए आरक्षित रहे।
इन सीटों पर कुल 61 महिला प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है। सामान्य महिला वर्ग के 12 वार्ड में 39 महिला प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला रहा। ओबीसी महिला आरक्षित 4 वार्ड में 13 प्रत्याशियों में टक्कर रही। एससी महिला वर्ग के 3 रिजर्व वार्ड में 9 महिला प्रत्याशी मैदान में उतरी। 12 नेताओं ने अपने रिश्तेदारों को मैदान में उतारा है।
चुनाव में सबसे अधिक वोटिंग महिला सामान्य वार्ड संख्या 41 में दर्ज की गई, यहां रिकॉर्ड 92.78% मतदान हुआ। वहीं दूसरे नंबर पर महिला आरक्षित वार्ड 7 रहा, जहां 91.81 प्रतिशत वोट पड़े। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच लगभग सभी बूथों पर पुरुषों की तुलना में महिलाओं की उपस्थिति अधिक रही। घर के काम जल्द निपटाकर महिलाएं और युवतियां पोलिंग बूथों पर पहुंची।
मतदान के बाद पहली बार वोट डालने आई युवतियां सेल्फी लेती नजर आई।
📡 स्रोत: NewsData.io