राजनीति

विदेश मंत्री जयशंकर की पोलैंड यात्रा, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 11 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
विदेश मंत्री जयशंकर की पोलैंड यात्रा, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर

सितंबर 03, नई दिल्ली: विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर पोलैंड और यूक्रेन के तीन दिवसीय दौरे के पहले चरण में वारसा पहुंच गए हैं। पोलैंड में वे उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोरस्की के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों नेता भारत-पोलैंड संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्रीय घटनाक्रम और आपसी हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

जयशंकर की पोलैंड यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इससे पहले 20 अगस्त को भारत में पोलैंड के राजदूत पियोत्र एंटोनी स्वितल्स्की ने कहा था कि पोलैंड के प्रधानमंत्री की संभावित भारत यात्रा से दोनों देशों के व्यापारिक साझेदारों और हितधारकों को सहयोग बढ़ाने का मजबूत संदेश जाएगा।पोलैंड के बाद विदेश मंत्री यूक्रेन की यात्रा करेंगे। कीव में वे अपने यूक्रेनी समकक्ष एंड्री सिबिहा से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों के अलावा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी बातचीत होगी।

जयशंकर की यूक्रेन यात्रा रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच हो रही है। ऐसे में इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रूस-यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की अपील की पृष्ठभूमि में भी हो रही है।

हाल ही में यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रथम उप प्रमुख सर्गी किस्लित्स्या ने भारतीय राजदूत अंजनी कुमार से मुलाकात की थी। बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों में भारत की भूमिका और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को दिए हालिया संदेश पर चर्चा हुई थी।

यूक्रेन ने उम्मीद जताई है कि शांति की साझा इच्छा को ठोस कदमों में बदला जाएगा। ऐसे में विदेश मंत्री जयशंकर का यह दौरा भारत के यूरोपीय साझेदारों के साथ संबंधों और क्षेत्रीय शांति के प्रयासों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

फ़ाइल फ़ोटो

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।