राज्य

विदिशा - वृद्धजनों का सम्मान और देखभाल हर संतान का नैतिक दायित्व : राज्यपाल मंगुभाई पटेल

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 22 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
विदिशा - वृद्धजनों का सम्मान और देखभाल हर संतान का नैतिक दायित्व : राज्यपाल मंगुभाई पटेल

वृद्धजनों का सम्मान और उनकी समुचित देखभाल प्रत्येक संतान का नैतिक दायित्व है। माता-पिता जीवनभर बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए त्याग और संघर्ष करते हैं, इसलिए वृद्धावस्था में उनकी जरूरतों का ध्यान रखना और उन्हें सम्मान देना जरूरी है। यह बात राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने विदिशा में आयोजित एक कार्यक्रम में कही।

राज्यपाल शनिवार को रविंद्रनाथ टैगोर सांस्कृतिक ऑडिटोरियम में ब्रह्माकुमारीज समाज सेवा प्रभाग द्वारा आयोजित ‘संगम गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन’ कार्यक्रम में शामिल हुए। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और ब्रह्माकुमारीज समाज सेवा प्रभाग के बीच हुए एमओयू के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

राज्यपाल ने कहा कि वृद्धावस्था में शारीरिक कमजोरियों के चलते बुजुर्गों को कई कार्यों के लिए अपने बच्चों पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में संतान को उनकी आवश्यकताओं को धैर्य से समझना चाहिए और उन्हें शारीरिक सहयोग के साथ भावनात्मक संबल भी देना चाहिए। बुजुर्गों को परिवार में अपनापन, सम्मान और आत्मीयता का अनुभव कराना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सरकार भी वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और उपचार सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिससे उन्हें स्वास्थ्य संबंधी उपचार में सहायता मिल रही है। राज्यपाल ने कहा कि साधु-संतों के प्रवचनों और मानवीय मूल्यों को केवल सुनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार में भी उतारना जरूरी है।

माता-पिता की सेवा, बुजुर्गों का सम्मान और जरूरतमंदों की सहायता जैसे संस्कार नई पीढ़ी को भी प्रेरित करते हैं। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने मस्तिष्क को सजग और सक्रिय रखें तथा सकारात्मक सोच के साथ जीवन बिताएं। परिवार में नई पीढ़ी को जिम्मेदारियों के अनुरूप निर्णय लेने का अवसर दें और आपसी सामंजस्य एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह, ब्रह्माकुमारीज की मध्यप्रदेश को-ऑर्डिनेटर रेखा दीदी, विदिशा विधायक मुकेश टंडन और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। राज्यपाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान ब्रह्माकुमारीज संस्था और नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा ने उनका सम्मान किया।

------विदिशा में ‘गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन’ कार्यक्रम में शामिल हुए राज्यपालबुजुर्गों को शारीरिक सहयोग के साथ भावनात्मक संबल देना भी जरूरी70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान योजना का मिल रहा लाभबुजुर्गों से सजग, सक्रिय और सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने का किया आह्वान

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।