विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका : नितिन नवीन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर, 25 सितंबर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय की भावना धरातल पर साकार हो रही है। विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सांसदों और विधायकों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी योजनाओं को धरातल पर लागू कराने में अहम योगदान देते हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और निकाय चुनाव में मिली जीत को सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार को जयपुर जिले के दादिया में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती एवं सेवा संकल्प सभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर निकाय चुनाव में निर्वाचित निकाय प्रमुखों और वार्ड पार्षदों का सम्मान किया गया।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने चुनाव को सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को जॉब सीकर्स के बजाय जॉब गिवर्स बनाने की दिशा में योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि तीन करोड़ से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है। महिलाओं को संसद में आरक्षण देने के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है और इस दिशा में प्रयास जारी हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि देशवासियों के लिए करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं को सही तरीके से लागू कराने और जनता की सेवा करने से विश्वास कायम हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के अंतिम छोर पर स्थित गांवों को अब प्रथम गांव के रूप में देखा जा रहा है। इन गांवों का विकास और सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पीएम के नेतृत्व में जल के क्षेत्र में राजस्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। राज्य के लोगों ने डबल इंजनरूपी सरकार में ट्रिपल इंजन जोड़ दिया है। ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ के तहत चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब नगरीय निकायों में व्यापक विकास कार्य किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं और आगामी पंचायत चुनावों में इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल में परिसीमन के दौरान कई अनियमितताएं की गईं और कुछ स्थानों पर चुनावों में कानून का मखौल उड़ाया गया। उन्होंने कहा कि अब ऐसा नहीं चलेगा तथा राजस्थान में कानून और संविधान के अनुसार शासन किया जाएगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मदन राठौड़ सहित अन्य मंत्री, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने का कोई शॉर्टकट नहीं होता।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं से समाज के प्रति संवेदनशील रहते हुए राष्ट्र सेवा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में युवाओं ने अपने अनुभव और भविष्य की योजनाएं साझा की। साथ ही, उन्होंने विकसित भारत और विकसित राजस्थान के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी दिखाई। युवाओं ने केंद्र और और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आभार भी जताया।
इस अवसर पर अमित झालानी, हैंडबॉल खिलाड़ी नयन शेखावत, गणितज्ञ वंशिका शर्मा और चारू सहित अन्य युवाओं ने अपने विचार साझा किए। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। वहीं, प्रदेशभर से युवा भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े।
🎙️ जनता का संदेश का मत
जनप्रतिनिधियों की भूमिका केवल योजनाओं के कार्यान्वयन तक सीमित नहीं है; यह समाज के हर कोने में विश्वास जगाने का माध्यम है। जब विकास के लाभ सभी तक पहुँचें, तो असमानता घटती है और समृद्धि का साकार अनुभव होता है। हमें अपने नेताओं से पारदर्शिता, जवाबदेही और संवाद की अपेक्षा रखनी चाहिए, ताकि योजनाएँ सिर्फ कागज़ पर न रुकें, बल्कि लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाएँ।