राज्य

विंध्य में विकास की नई रेल दौड़ी, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने आम यात्रियों के साथ किया सफर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 24 अक्टूबर 2026 👁️ 8 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
विंध्य में विकास की नई रेल दौड़ी, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने आम यात्रियों के साथ किया सफर

रामपुर नैकिन-चुरहट क्षेत्र पहली बार रेल सेवा से जुड़ा, चुरहट से गोविंदगढ़ तक ट्रेन में यात्रा कर क्षेत्रवासियों के साथ साझा की ऐतिहासिक उपलब्धि की खुशी

सतना-देवेंद्रनगर और रीवा-चुरहट रेलखंडों का लोकार्पण, सीधी तक दिसंबर 2026 और सिंगरौली तक 2028 में रेल लाइन पहुंचाने का लक्ष्य

सीधी, 24 अक्टूबर 2026। विंध्य क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ विकास के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त हुआ है। सीधी जिले के रामपुर नैकिन-चुरहट क्षेत्र में पहली बार रेल सेवा शुरू होने पर क्षेत्रवासियों में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। इस ऐतिहासिक अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ आम यात्रियों के बीच ट्रेन में सफर किया। चुरहट से गोविंदगढ़ तक की यात्रा के दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों के साथ रेल सेवा शुरू होने की खुशी साझा की।

वर्षों से रेल कनेक्टिविटी की प्रतीक्षा कर रहे क्षेत्र के लिए यह उपलब्धि आवागमन की नई सुविधा के साथ विकास की नई संभावनाएं लेकर आई है। ट्रेन के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। क्षेत्रवासियों के लिए यह केवल नई ट्रेन सेवा की शुरुआत नहीं, बल्कि लंबे समय से देखे जा रहे रेल संपर्क के सपने के साकार होने का महत्वपूर्ण अवसर रहा।

24 अक्टूबर को सतना-देवेंद्रनगर के 53 किलोमीटर तथा रीवा-चुरहट के 65 किलोमीटर रेलखंडों का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही देवेंद्रनगर-चुरहट ट्रेन सेवा का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नई रेल सेवा से विंध्य और बुंदेलखंड विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी, उद्योगों को परिवहन के बेहतर विकल्प मिलेंगे और युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने 541 किलोमीटर लंबी ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना को मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण परियोजना बताया।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह रेल लाइन विंध्य और बुंदेलखंड के लिए विकास की लाइफलाइन बनेगी। रेल नेटवर्क के विस्तार से ऊर्जा, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन के महत्वपूर्ण खंडों के पूरा होने को क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया।

राजेंद्र शुक्ल ने कहा—साकार हो रहा वर्षों पुराना सपना

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि वर्ष 2016 में तत्कालीन रेल मंत्री सुरेश प्रभु द्वारा जिस रेल परियोजना की नींव रखी गई थी, वह अब धरातल पर साकार हो रही है। यह रेल लाइन प्रदेश की ऊर्जाधानी सिंगरौली को रीवा और सतना के सीमेंट उद्योगों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मजबूत अधोसंरचना आवश्यक है। विंध्य क्षेत्र में रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार से औद्योगिक विकास, पर्यटन, कृषि और स्थानीय व्यापार की नई संभावनाएं निर्मित हो रही हैं। रीवा-सीधी-सिंगरौली रेल लाइन के साथ रीवा-सीधी फोरलेन और सीधी-सिंगरौली फोरलेन सड़क परियोजनाओं पर भी कार्य प्रगतिरत है।

उप मुख्यमंत्री ने रीवा हवाई अड्डे से संचालित सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर परिवहन सुविधाएं क्षेत्र को नए विकास अवसरों से जोड़ती हैं। रेल, सड़क और हवाई संपर्क मजबूत होने से उद्योगों की स्थापना, कृषि उत्पादों के परिवहन, पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। इससे निवेश और रोजगार के नए अवसर विकसित होने के साथ लोगों को शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में भी सुविधा होगी।

सीधी और सिंगरौली तक रेल विस्तार का लक्ष्य

सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि लंबे इंतजार और निरंतर प्रयासों के बाद जिले के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर आया है। उन्होंने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार दिसंबर 2026 तक रेल लाइन को सीधी और वर्ष 2028 तक सिंगरौली तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। रेल संपर्क बढ़ने से क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा, रोजगार और आवागमन की सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है।

रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने रेल सेवा के विस्तार को विंध्य क्षेत्र की दशकों पुरानी परिकल्पना के साकार होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और लोगों को आवागमन का अतिरिक्त विकल्प प्राप्त होगा।

उद्योग, व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

रेल कनेक्टिविटी के विस्तार से विंध्य क्षेत्र में उपलब्ध चूना पत्थर और अन्य खनिज संसाधनों के परिवहन को सुविधा मिलने की संभावना है। सीमेंट, क्लिंकर और अन्य औद्योगिक उत्पादों की ढुलाई बेहतर होने से औद्योगिक इकाइयों और व्यापारिक गतिविधियों को लाभ मिल सकता है। किसानों को भी अपनी उपज बाजारों तक पहुंचाने के लिए परिवहन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

बेहतर रेल संपर्क से मुकुंदपुर स्थित व्हाइट टाइगर सफारी सहित क्षेत्र के धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि से स्थानीय परिवहन, होटल, दुकानदारों और अन्य व्यवसायों के लिए रोजगार तथा आय के नए अवसर विकसित हो सकते हैं।

स्टेशनों पर गर्मजोशी से स्वागत, विद्यार्थियों और युवाओं में उत्साह

चुरहट से गोविंदगढ़ तक ट्रेन यात्रा के दौरान विभिन्न स्टेशनों पर क्षेत्रवासियों ने ट्रेन का स्वागत किया। विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने नई रेल सेवा शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। रेल संपर्क से शिक्षा और रोजगार के लिए दूसरे स्थानों तक आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

चुरहट में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह, चुरहट के पूर्व विधायक शरदेंदु तिवारी, देव कुमार सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौम्या आनंद तथा रेलवे के अधिकारी भी मौजूद रहे।

रामपुर नैकिन-चुरहट क्षेत्र का पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ना विंध्य में कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलने के साथ व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार से जुड़ी संभावनाओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

विंध्य क्षेत्र में नई रेल सेवाओं के शुरू होने से क्षेत्रीय विकास को नया आयाम मिला है। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि पहली बार रामपुर नैकिन-चुरहट से लेकर चुरहट-गांविंदगढ़ तक ट्रेन चल रही है, जिससे स्थानीय लोगों को तेज़ और सुलभ यात्रा का लाभ मिलेगा। इस परियोजना से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, व्यापारिक गतिविधियाँ तेज होंगी और पर्यटन में भी उछाल आने की उम्मीद है, जिससे आम जनता की जीवनशैली और आर्थिक स्थिति में सुधार संभव है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।