वीरांगना झलकारी बाई का शौर्य और राष्ट्रभक्ति पीढ़ियों को देता रहेगा प्रेरणा : उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रीवा में जयंती समारोह में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री, अगले जयंती समारोह से पहले झलकारी बाई की प्रतिमा स्थापना और कबीर भवन निर्माण का दिया आश्वासन
रीवा/भोपाल, 29 नवंबर 2026।
1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना झलकारी बाई कोरी की जयंती पर रीवा में भव्य रोड शो, रैली और समारोह का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय कोरी समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने वीरांगना झलकारी बाई को नमन करते हुए उनके अदम्य साहस, त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विवेकानंद पार्क से हुई, जहां से रोड शो और रैली निकाली गई। रैली सिरमौर चौराहा, अमहिया, अस्पताल चौराहा, कला मंदिर और शिल्पी प्लाजा होते हुए मानस भवन पहुंची। यहां रैली का समापन हुआ और जयंती समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि वीरांगना झलकारी बाई की स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने और उनके अद्वितीय योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हर वर्ष उनकी जयंती पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि झलकारी बाई 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में रानी लक्ष्मीबाई की महिला सेना दुर्गा दल की कुशल सेनापति थीं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1858 में जब अंग्रेजों ने झांसी के किले को घेर लिया था, तब झलकारी बाई ने अदम्य साहस और स्वामीभक्ति का परिचय देते हुए रानी लक्ष्मीबाई का वेश धारण किया। उन्होंने ब्रिटिश सेना को लंबे समय तक भ्रमित रखा, जिससे रानी लक्ष्मीबाई को सुरक्षित निकलने का अवसर मिला। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वीरांगना झलकारी बाई का शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।
प्रतिमा स्थापना और कबीर भवन निर्माण का आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान कोरी समाज के प्रतिनिधियों ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष वीरांगना झलकारी बाई कोरी की प्रतिमा स्थापित करने और कबीर भवन का निर्माण कराने की मांग रखी। इस पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने आश्वासन दिया कि अगले जयंती समारोह से पहले वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा स्थापित कराने और कबीर भवन बनवाने की मांग को पूरा करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
समारोह में कोरी समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष राजाराम बुनकर, उपाध्यक्ष नंदलाल कोरी, पूर्व जिला अध्यक्ष बाबूलाल कोरी, एडवोकेट राजप्रताप, कोषाध्यक्ष इंद्रलाल कोरी, राकेश कोरी, शिवदाध कोरी, कमलेश कोरी, सुशील कोरी, राजकुमार, केशव राजकपूर, राणा विजयप्रताप, सुरेश मौर्य, सरपंच सुनीता कोरी, पूनम बुनकर, आल्हाप्रसाद कोरी और रामकिशोर कोरी सहित समाज के अनेक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा मंडल अध्यक्ष शिवम द्विवेदी, एल्डरमैन, पार्षद मनोज पटेल, वीरू चौधरी, राजकुमार जायसवाल, सी.सी.पी. पाटीदार, अरुणेंद्र त्यागी, अर्जुन सिंह चौहान, नीरज द्विवेदी, पार्षद अनुराग और समीर शुक्ला सहित हजारों समाजजन एवं स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।