व्यापार

व्यापारियों की परेशानी पर फैजान खान ने उठाई आवाज, बोले- रोजी-रोटी बचाने के लिए सरकार निकाले समाधान

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 3 अक्टूबर 2026 👁️ 7 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश

भोपाल। समाजसेवी फैजान खान ने नगर निगम की कार्रवाई और उससे प्रभावित हो रहे व्यापारियों की स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि एक दिसंबर व्यापारियों के लिए चिंता और विरोध का दिन बनकर सामने आया। इसी के चलते भोपाल के व्यापारियों ने प्रदर्शन कर अपने व्यापार और रोजी-रोटी को बचाने की मांग सरकार के सामने रखी।

फैजान खान ने कहा कि अनेक व्यापारियों ने लाखों-करोड़ों रुपये लगाकर वर्षों की मेहनत से अपना कारोबार खड़ा किया है। ऐसे में अचानक व्यापारिक प्रतिष्ठानों को प्रभावित करने वाले आदेशों और कार्रवाई से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि व्यापार बंद होने की स्थिति में व्यापारियों के सामने बैंक और अन्य स्रोतों से लिए गए कर्ज को चुकाने की चुनौती भी बढ़ जाएगी।

उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आर्थिक दबाव के कारण कुछ व्यापारी मानसिक तनाव में आ सकते हैं और सरकार को ऐसी स्थिति उत्पन्न होने से पहले ही प्रभावी समाधान निकालना चाहिए। फैजान खान ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को केवल कार्रवाई के माध्यम से नहीं, बल्कि संवाद और उचित वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए हल किया जाना चाहिए।

उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि व्यापारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए ऐसा रास्ता निकाला जाए, जिससे नियमों का पालन भी हो और व्यापारियों की आजीविका भी सुरक्षित रहे। साथ ही उन्होंने न्यायालयों के निर्णयों का सम्मान करते हुए सरकार से अनुरोध किया कि व्यापारियों की कठिनाइयों को उचित कानूनी माध्यम से न्यायालय के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाए और जहां संभव हो, व्यापारियों के हित में राहत एवं व्यावहारिक समाधान की मांग की जाए।

फैजान खान ने कहा कि सरकार, नगर निगम, व्यापारी संगठनों और संबंधित पक्षों के बीच संवाद से ऐसा समाधान निकाला जा सकता है, जिसमें कानून का सम्मान, शहर का सुव्यवस्थित विकास और व्यापारियों की रोजी-रोटी—तीनों का संतुलन बना रहे

💡 पृष्ठभूमि (Background)

भोपाल के नगर निगम द्वारा हाल ही में लागू की गई नई नीतियों से व्यापारियों को भारी नुकसान हो रहा है, जिससे उनके व्यापार और रोजी-रोटी पर गहरा असर पड़ रहा है। यह विषय व्यापारियों की आर्थिक सुरक्षा और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। फैजान खान ने इन व्यापारियों की शिकायतों को आवाज दी है, जिससे सरकार पर दबाव बढ़ रहा है कि वे त्वरित समाधान निकालें। यदि सरकार समय पर कदम नहीं उठाती, तो छोटे व्यापारियों का बंद होना और बेरोजगारी में वृद्धि आम जनता के लिए बड़ी चुनौतियाँ पैदा कर सकती है।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।