राज्य

यमुना में डूबे 54 वर्षीय नीरज गुप्ता की तलाश दूसरे दिन भी जारी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 29 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
यमुना में डूबे 54 वर्षीय नीरज गुप्ता की तलाश दूसरे दिन भी जारी

सिरमौर जिला के पांवटा साहिब की यमुना नदी में डूबे 54 वर्षीय नीरज गुप्ता की तलाश में सर्च अभियान दूसरे दिन भी जारी है। बीते कल पूजा सामग्री नदी में प्रवाहित करते समय पैर फिसलने से नीरज गुप्ता तेज बहाव में बह गए थे। हादसे के बाद से स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।सर्च अभियान को तेज करने के लिए पांवटा साहिब प्रशासन ने पड़ोसी राज्य हरियाणा के यमुनानगर प्रशासन से भी संपर्क किया है।

एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने बताया कि यमुना नदी का बहाव हरियाणा की ओर होने के कारण अब हरियाणा क्षेत्र में भी सर्च अभियान चलाया जा रहा है। दोनों राज्यों का प्रशासन आपसी समन्वय के साथ लापता व्यक्ति की तलाश में जुटा है।

वहीं, नीरज गुप्ता के परिजनों ने एसडीएम से मुलाकात कर सर्च ऑपरेशन को और तेज करने की मांग की है। परिजनों ने नदी के गहरे और दुर्गम हिस्सों में तलाश के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल करने के साथ-साथ NDRF की विशेष टीमों की मदद लेने की मांग की है। एसडीएम ने बताया कि NDRF की मदद के लिए डीसी सिरमौर से भी बात की गई है।

बाइट: द्विज गोयल, एसडीएम पांवटा साहिब

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।