खेल

योग को प्रतियोगिता तक सीमित न रखें, जीवनशैली का हिस्सा बनाएं : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 6 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
योग को प्रतियोगिता तक सीमित न रखें, जीवनशैली का हिस्सा बनाएं : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर, 6 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि योग को केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग और ध्यान युवाओं को नशे के खिलाफ मानसिक मजबूती देने के साथ उनकी ऊर्जा को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्वस्थ और नशामुक्त जीवन का संकल्प लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को जयपुर के सिरसी रोड़ पर एक कार्यक्रम में 51वीं सब-जूनियर और जूनियर राष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप के समापन और पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने योगासन चैम्पियनशिप के विजेता पश्चिम बंगाल, द्वितीय स्थान पर रहे हरियाणा और तृतीय स्थान पर रहे महाराष्ट्र को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

इस दौरान राजस्थान की टीम ने संगीतमय योगासन की प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में देश के 29 राज्यों से 900 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषियों की अनमोल धरोहर है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ, संयमित और संतुलित जीवन जीने की कला सिखाई है। आज योग, ध्यान और प्राणायाम दुनिया के करोड़ों लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुके हैं। भारत की यह प्राचीन ज्ञान परंपरा अब मानवता के कल्याण का वैश्विक माध्यम बन रही है।

उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा को जोड़ने वाली जीवन पद्धति है। इसके शारीरिक और मानसिक लाभ हैं। योग तनाव, चिंता और क्रोध को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने, निर्णय क्षमता मजबूत करने और जीवन में सकारात्मकता लाने में सहायक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनकी ऊर्जा के बल पर वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने खेलों को भी युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवा शक्ति को विकसित भारत के निर्माण से जोड़ने का अभियान भी हैं।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ भविष्य के लिए युवाओं का नशामुक्त रहना जरूरी है। नशे की लत व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। ऐसे में योग और ध्यान युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं। जीत जहां सफलता देती है, वहीं हार सीखने का अवसर भी देती है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सांसद राव राजेंद्र सिंह, पद्मश्री गुलाबो सपेरा, एशियन योग फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न योग फेडरेशन के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में देशभर से आए प्रतिभागी उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।