अपराध

योजनाओं के लक्ष्य समय-सीमा में पूर्ण करें, सभी जरूरतमंदों तक पहुँचाएँ लाभ : मंत्री श्री कुशवाहा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
योजनाओं के लक्ष्य समय-सीमा में पूर्ण करें, सभी जरूरतमंदों तक पहुँचाएँ लाभ : मंत्री श्री कुशवाहा

उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विभागीय योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाएँ। योजनाओं का लाभ सभी पात्र जरूरतमंदों तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मैदानी स्तर पर सतत निगरानी और हितग्राहियों से संवाद आवश्यक है। मंत्री श्री कुशवाहा विभागीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में अपर मुख्य सचिव के. सी. गुप्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

मंत्री श्री कुशवाहा ने कहा कि उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने के साथ किसानों को खाद्य प्रसंस्करण गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाए। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे किसानों को योजनाओं की जानकारी दें और आवेदन से लेकर लाभ प्राप्त होने तक आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराएँ। पात्र हितग्राहियों के प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहें।

मंत्री श्री कुशवाहा ने निर्देश दिए कि योजनावार भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। स्वीकृत बजट का नियमानुसार और समय पर उपयोग सुनिश्चित करें, जिससे किसी भी योजना की राशि लैप्स नहीं हो। जिन जिलों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहाँ कठिनाइयों का समाधान कर कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय अमला किसानों की आवश्यकताओं को समझकर कार्य करे और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखे।

मंत्री श्री कुशवाहा ने ग्वालियर में प्रस्तावित हाईटेक फ्लोरीकल्चर नर्सरी की स्थापना के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूरी की जाए। इसके लिए संचालनालय स्तर से वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भेजकर संबंधित विषयों का निराकरण कराया जाए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।