यूपीः अमरोहा में चंद्रशेखर आजाद रावण ने कहा- सीएम योगी बिजनौर से चुनाव लड़ें, हरा नहीं पाया तो राजनीति छोड़ दूंगा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
आजाद समाज पार्टी-कांशीराम के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने अमरोहा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनाव लड़ने की चुनौती दी। हसनपुर में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बिजनौर जिले की भाजपा के कब्जे वाली चार विधानसभा सीटों में से किसी भी सीट से चुनाव लड़कर दिखाएं।
चंद्रशेखर ने कहा कि वह भी उनके सामने चुनाव लड़ेंगे और उन्हें हराकर भेजेंगे। अगर ऐसा नहीं कर पाए तो राजनीति छोड़ देंगे। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि वर्ष 2022 में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में उनकी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। उन्होंने मुख्यमंत्री की लोकप्रियता और राजनीतिक ताकत पर भी सवाल उठाए।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और गरीबों को पांच किलो राशन देकर बहलाया जा रहा है। उन्होंने सरकार से युवाओं और गरीबों की समस्याओं पर ध्यान देने की मांग की। चंद्रशेखर आजाद ने ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी उठाई।
उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर जोर दिया और कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटने की अपील की।
बाइट- चंद्रशेखर आजाद रावण, प्रमुख, आजाद समाज पार्टी