राज्य

यूपीः अयोध्या राम मंदिर के 150 में से 148 निर्माण कार्य पूरे, 15 नवंबर तक फसाड लाइटिंग पूरी करने का लक्ष्य

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 16 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
यूपीः अयोध्या राम मंदिर के 150 में से 148 निर्माण कार्य पूरे, 15 नवंबर तक फसाड लाइटिंग पूरी करने का लक्ष्य

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक का आज दूसरा दिन है। समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने पहले दिन की समीक्षा के बाद निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में छोटे-बड़े कुल 150 निर्माण कार्यों में से 148 पूरे हो चुके हैं और ट्रस्ट को सौंप दिए गए हैं।

अब मुख्य रूप से परकोटे का निर्माण कार्य हस्तांतरित होना बाकी है। नृपेंद्र मिश्र के मुताबिक, बारिश के कारण परकोटे की छत पर वॉटर ट्रीटमेंट का काम प्रभावित हुआ है। मौसम अनुकूल होने पर इसे पूरा किया जाएगा। परकोटे और मंदिर की फसाड लाइटिंग का काम 15 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। दीपावली के दौरान मंदिर परिसर में विशेष रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने बताया कि निर्माण कार्यों के दस्तावेज, डिजाइन और वित्तीय पहलुओं की जांच के बाद ट्रस्ट परियोजनाओं को स्वीकार करता है। बैठक में ठेकेदारों के भुगतान और वित्तीय मामलों की भी समीक्षा की जा रही है। इसके अलावा मंदिर परिसर के बाहर बन रहे ऑडिटोरियम और म्यूजियम के कार्यों पर चर्चा होगी।

विजय स्तंभ और शहीद स्मारक का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि वहां उद्यान का कुछ काम बाकी है। मध्वाचार्य द्वार का निर्माण करीब 80 प्रतिशत पूरा हो गया है। समिति निर्माण कार्यों की प्रगति और समस्याओं का भी निरीक्षण करेगी।

बाइट- नृपेंद्र मिश्र, अध्यक्ष राम मंदिर निर्माण समिति

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।