यूपीः रामपुर में ओवैसी का सपा-बीजेपी पर हमला, बोले- अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, नेता बनेगा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रामपुर के टांडा स्थित मंसब अली स्टेडियम में एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने जनसभा को संबोधित किया। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत आयोजित सभा में उन्होंने समाजवादी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। ओवैसी ने कहा कि मुसलमानों को अपनी सियासी ताकत बढ़ाने और अपने नेता खुद तैयार करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि वह खुद नेता बनने नहीं, बल्कि लोगों को नेता बनाने आए हैं। अब्दुल दरी बिछाने के बजाय विधायक और सांसद बने, इसके लिए लोगों को आगे आना होगा। ओवैसी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए रामपुर के विकास और युवाओं के मुद्दे उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि रामपुर में आवास, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति बेहतर नहीं है।
उन्होंने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नौजवानों को रोजगार और उचित वेतन मिलना चाहिए। उन्होंने लोगों से हर बूथ पर सक्रिय होकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की। आरएसएस पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने आरोप लगाया कि उसका उद्देश्य भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों के साथ-साथ दलितों और आदिवासियों को भी न्याय मिलना चाहिए।
ओवैसी ने कहा कि कमजोर वर्गों को न्याय मिलने से ही देश मजबूत होगा। जनसभा में एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली समेत पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे। सभा में ओवैसी ने लोगों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया।