यूपीः सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत, 3 घायल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन पेशेवर टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास सुबह करीब पांच बजे हुआ।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षाकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से कुमारगंज के सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में तीनों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर किया गया।
मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति, इरफान अंसारी और अनिकेत के रूप में हुई है। घायल भी देवरिया और पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। सभी लखनऊ में टेनिस खेलकर देवरिया लौट रहे थे। पुलिस अज्ञात ट्रक की तलाश और हादसे की जांच कर रही है।
बाइट- आशुतोष कुमार, क्षेत्राधिकारी बल्दीराय जनपद सुल्तानपुर