विदेश

यूपी ट्रेड शो में अलीगढ़ के उत्पादों की धूम:अलीगढ़ के 35 स्टॉल पर देशी-विदेशी खरीदारों की नजर, पीतल की गाय बनी आकर्षण

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 27 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
यूपी ट्रेड शो में अलीगढ़ के उत्पादों की धूम:अलीगढ़ के 35 स्टॉल पर देशी-विदेशी खरीदारों की नजर, पीतल की गाय बनी आकर्षण

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में अलीगढ़ के उत्पाद खरीदारों और विदेशी प्रतिनिधियों का ध्यान खींच रहे हैं। जिले के उद्यमियों ने अलग-अलग ट्रेड के 35 स्टॉल लगाए हैं। पीतल की मूर्तियों से लेकर ताला-हार्डवेयर, डेयरी और श्री अन्न से बने उत्पादों तक को देखने और खरीदने वालों की भीड़ है।

कई उद्यमियों की संभावित खरीदारों के साथ कारोबारी बैठकें भी हुई हैं। पीतल की गाय पर ठहर रही नजर एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) में शामिल पीतल मूर्ति की स्टॉल पर केके इंटरनेशनल की बनाई गाय और बछड़े की प्रतिमा खास आकर्षण बनी हुई है। 150 किलो से ज्यादा वजन वाली पीतल की गाय को देखने के लिए दर्शक रुक रहे हैं।

कंपनी के संचालक कपिल वार्ष्णेय के अनुसार, 150-150 किलो वजन की पीतल की तीन गायों के ऑर्डर मिले हैं। ये ऑर्डर जयपुर, मुंबई और बेंगलुरु की फर्मों ने दिए हैं। उद्यमी कोमल कटारा ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की औद्योगिक ताकत, स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और नए कारोबार को वैश्विक बाजार से जोड़ने का प्रभावी मंच साबित होगा।

इससे पारंपरिक उद्योगों को भी नई पहचान और विस्तार के अवसर मिलेंगे। श्री अन्न के उत्पाद विदेश भेजने की तैयारी: कोमलिका एफपीओ के स्टॉल पर ज्वार, बाजरा, रागी, कोदो और सांव से तैयार बिस्किट, पफ और नमकीन विदेशी प्रतिनिधियों को पसंद आए। रूमानिया और वियतनाम के प्रतिनिधियों ने उत्पाद खरीदने में रुचि दिखाई और इसके लिए औपचारिक समझौता भी किया।

एफपीओ निदेशक आरपी पचौरी ने बताया कि अभी निर्यात की मात्रा तय नहीं हुई है। गांव केशोपुर जाफरी में श्री अन्न उत्पादों का प्लांट संचालित है। कचौड़ी से रबड़ी तक चखा अलीगढ़ का स्वाद ट्रेड शो में ओडीओपी के तहत चयनित कचौड़ी मेहमानों के नाश्ते का हिस्सा बनी। रबड़ी, चमचम समेत दूसरे डेयरी उत्पादों का भी स्वाद लिया गया।

ताला-हार्डवेयर की स्टॉल पर खरीदारों की आवाजाही रही। उद्यमियों ने सैंपल दिखाने के साथ टेबल मीट के जरिए नए कारोबार की संभावनाएं तलाशीं। संयुक्त आयुक्त अंजू रानी ने बताया कि ट्रेड शो का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के एमएसएमई और स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच दिलाना है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।